प्रशासन ने मांगा था 7 दिन, पुलिस ने 2 दिन में ही पकड़ लिए आरोपी
मुंगेली। जिले में होली के दौरान बछड़े की क्रूरता से हत्या करने वाले 8 आरोपियों को पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। जबकि शुरुआत में प्रशासन ने इस मामले में जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 7 दिन का समय मांगा था। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से कानून-व्यवस्था को लेकर जनता का विश्वास मजबूत हुआ है।
तेजी से जुटाए गए सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक सालिक राम घृतलहरे के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सायबर सेल और मुखबिर तंत्र की मदद से तेजी से जांच को आगे बढ़ाया। महज 2 दिन के भीतर आरोपियों की पहचान कर उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान इस प्रकार है:
1. बबला उर्फ राजेश दिवाकर (42 वर्ष)
2. जितू उर्फ जीतराम बारले (65 वर्ष)
3. प्रदीप मसीह (50 वर्ष)
4. प्रवीण मसीह (50 वर्ष)
5. सुशील जांगड़े (40 वर्ष)
6. मेला राम दिवाकर (31 वर्ष)
7. मनोज दिवाकर (40 वर्ष)
8. अशोक उर्फ बैहा खांडे (50 वर्ष)
आरोपियों ने कबूला गुनाह
पूछताछ में आरोपियों ने होली के अवसर पर बछड़े की हत्या कर उसके मांस का उपभोग और विक्रय करने की मंशा कबूल की। पुलिस ने उनके कब्जे से अपराध में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
जनता ने की पुलिस की सराहना
मुंगेली पुलिस की इस तेज कार्रवाई की जनता में सराहना हो रही है। प्रशासन की ओर से 7 दिन की मांग के बावजूद, मात्र 2 दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस की कार्यशैली पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।